मैनपुरी। स्मार्ट क्लास संचालित करने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को बेसिक शिक्षा विभाग ने सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रदेश भर से 50 शिक्षकों का चयन किया गया है। इसमें प्राथमिक विद्यालय बदनपुर की प्रधानाध्यापिका को शामिल किया गया है। प्राथमिक शिक्षा को कॉन्वेंट विद्यालयों की तर्ज पर बेहतर बनाने के लिए विभाग द्वारा अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत जिले में स्मार्ट क्लासेज शुरू कराए गए हैं। बेसिक शिक्षा निदेशक के निर्देश पर सहायक शिक्षा निदेशक अब्दुल मुबीन ने प्रदेश भर के 50 शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्मार्ट क्लास संचालित करने के लिए आईसीटी कार्यक्रम के तहत सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
वर्ष 2018-19 के लिए प्रदेश भर के 50 शिक्षकों की सूची जारी की गई है। इसमें मैनपुरी से प्रज्ञा श्रीवास्तव प्रधानाध्यापिका प्राथमिक विद्यालय बदनपुर विकास खंड मैनपुरी का भी चयन किया गया है। 28 दिसंबर को उनका लखनऊ में निदेशक बेसिक शिक्षा के कार्यालय में सम्मान किया जाएगा। प्रज्ञा श्रीवास्तव की इस सफलता पर बीएसए विजय प्रताप सिंह, खंड शिक्षाधिकारी जेपीपाल, रामशंकर कुरील, सर्वेश यादव, सुनील कुमार वर्मा, शंकर दयाल नामदेव, मुनींद्र यादव, संकुल प्रभारी सुखेंद्र प्रताप सिंह आदि ने बधाई दी है।