टूंडला। रेलवे अस्पताल में तैनात सफाई कर्मचारी ने मेट्रन प्रभारी के साथ अभद्रता करते हुए उसे खींचने का प्रयास किया। जान से मारने की धमकी दी। मामले को लेकर पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। थाना क्षेत्र के टूंडली निवासी सुजाता कुमारी रेलवे अस्पताल में मेट्रन प्रभारी के पद पर कार्यरत है।
पीड़िता का कहना है कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अस्पताल का स्टाफ ट्रक से दवाइयों की पेटी उतार रहा था। तभी वहां कुलदीप कुमार गौतम सफाई कर्मचारी सीएचआई पहुंच गया। आरोप है कि उसने अभद्रता करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
आरोप है कि विरोध करने पर झपट्टा मारकर खींचने का प्रयास किया। मौके पहुंचे अस्पताल कर्मचारियों ने उसे बचाया। आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना को लेकर रेलवे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
मामले को लेकर पीड़िता ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कानपुर, थाना टूंडला, सहायक सुरक्षा आयुक्त रेलवे, मंडल रेल प्रबंधक और मैंस शाखा के मंत्री को शिकायती पत्र भेजे हैं। सफाई कर्मचारी ने आरोपों को गलत बताया है। इंस्पेक्टर बीडी पांडेय का कहना है कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर आती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही करेंगे।
टूंडला। शिवप्रसाद मैमोरियल बालिका महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा शनिवार को एक दिवसीय शिविर गांव मिश्री गढ़ी में लगाया गया। जिसमें साक्षरता एवं भ्रूण हत्या को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
छात्राओं ने रैली निकालकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। छात्राओं ने झाडू लगाकर ग्रामीणों को सफाई के प्रति जागरूक किया। शिविर में उमा, प्रतिभा, मानवी, गौरवी, पूजा, पूनम, फूलमाला, किरन, भूरेश, कनिष्का, हेमलता, बालकुमारी, पल्लवी, साक्षी आदि मौजूद रहे।
टूंडला। प्रमाण पत्र की मांग को लेकर धनगर समाज 17 दिसंबर को चारबाग रेलवे स्टेशन के पास रवीन्द्रालय लखनऊ में आवाज बुलंद करेगा। शनिवार को गांव पचोखरा, कोटकी, सिकरारी, महादेव, कच्चा टूंडला, भक्ति गढ़ी, नगला लल्लू, नगला छैंकुर, वासदानी, हजरतपुर आदि गांवों में जनसंपर्क करते हुए धनगर समाज के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह धनगर ने कहा कि लखनऊ में महा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
जिसमें प्रमाण पत्र को लेकर आंदोलन किया जाएगा। समाज के लोग अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाएं। जनसंपर्क करने वालों में राजपाल सिंह, पुष्पा धनगर, लक्ष्मण सिंह, विक्रम सिंह धनगर, आरबी धनगर, रूकमपाल धनगर, श्रीचन्द्र धनगर, प्रेम सिंह, केशवदेव, नन्नूमल, बाबूलाल, वीरेन्द्र सिंह, राजवीर सिंह आदि हैं।
शनिवार को भी जारी रहा अनशन
टूंडला। ग्राम पंचायत रूधऊ मुस्तकिल के भक्ति गढ़ी रोड पर विकास कार्यो को लेकर चल रहा अनशन शनिवार को भी जारी रहा। अनशन पर बैठने वालों में रामप्रताप कुशवाह, राकेश शर्मा, आरपी नागर, जय सिंह, जितेन्द्र, हरप्रसाद बघेल, बनवारी लाल, सेवाराम, नेमीचन्द्र सोलंकी, रूप सिंह, बहादुर बघेल, हंसराज बघेल आदि हैं।