जसराना (फिरोजाबाद)। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देख मां के साथ जा रहा बाइक सवार एक किशोर हड़बड़ा गया और उसकी बाइक मैक्स से टकरा गई। हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों बाइक से घिरोर जा रहे थे।
थाना शिकोहाबाद के गांव निजामपुर गढूमा निवासी विमल किशोर की पत्नी सुनीता देवी (38) अपने 16 वर्षीय पुत्र आसित कुमार के साथ बाइक से मायके नगला मंगली घिरोर जा रही थी। घिरोर रोड पर पुलिस चेकिंग चल रही थी।
चेकिंग होती देख आसित ने हड़बड़ी में बाइक दूसरी साइड में मोड़ ली। तभी सामने से तेज गति से आ रही मैक्स से उसकी बाइक से भिड़ गई। दोनों ही वाहन तेज गति में थे। इस दौरान पास में ही चेकिंग कर रही पुलिस की टीम दौड़ी और मैक्स चालक पकड़ लिया।
साथ ही घायल मां-बेटे को जसराना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई। जहां डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वही गंभीर रूप से घायल आसित को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उपचार के लिए ले जाते समय आसित ने भी दम तोड़ दिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसित की जेब से मिली मोबाइल नंबर की पर्ची के आधार पुलिस ने उसके मामा उम्मेद सिंह को सूचना दी। मां-बेटे की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। लोगों की मानेें तो पुलिस चेकिंग से बचने के प्रयास में यह हादसा हुआ है।
कोतवाल दिनेश कुमार ने बताया कि हादसे में मां-बेटे की मौत हुई है। मैक्स को चालक सहित पकड़ा गया है। पुलिस हादसे वाली जगह से काफी आगे पुलिस चेकिंग कर रही थी।