फिरोजाबाद। भारतीय सवर्ण संगठन एवं व्यापार मंडल ने आज सादगी से बाजार बंद कराने के साथ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम नेहा शर्मा को सौंपने का निर्णय लिया है।
व्यापार मंडल के जिला महामंत्री कौशल किशोर उपाध्याय ने कहा आज सुप्रीम कोर्ट के द्वारा एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज होते ही गिरफ्तारी के बजाय उसकी जांच के बाद कार्रवाई करने में आखिर क्या गलत है। इसके बाद भी कुछ लोगों ने गलत मानसिकता से दबंगई दिखाने का काम किया है। व्यापार मंडल में सभी वर्ग के व्यापारी हैं। इसमें दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, सवर्ण हैं। लेकिन आंदोलन के दौरान व्यापारियों को हानि हुई है।
व्यापारी 11 बजे कार्यालय पर एकत्रित होंगे। इसके बाद दबरई जाकर डीएम को ज्ञापन देंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाशचंद्र उपाध्याय, प्रदेश मंत्री मदनलाल वर्मा, रमेशचंद्र अग्रवाल का संगठन स्वागत करेगा। भारतीय सवर्ण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर उपाध्याय ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा संविधान की रक्षा के लिए एससी-एसटी एक्ट में तुरंत गिरफ्तारी पर रोक लगाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि दो अप्रैल को प्रदेश बंद के दौरान जो नंगानाच कर दबंगई, गुंडागर्दी की गई उसकी निंदा करते हैं। दस अप्रैल को संस्कारी तरीके से बाजार को बंद कराएं जाएंगे। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपेंगे।
डीएम नेहा शर्मा ने एससी-एसटी एक्ट में सुप्रीम कोर्ट द्वारा किए गए संशोधन के समर्थन में दस अप्रैल को भारत बंद आह्वान को ध्यान में रखते हुए कक्षा एक से लेकर नौ तक के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। बीएसए सच्चिदानंद यादव ने कहा कि प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, आईसीएसई, सीबीएसई, मदरसा बोर्ड, संस्कृत विद्यालय के साथ सभी पर प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में बोर्ड के पेपर चल रहे हैं वे विधिवत चलेंगे।