आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज में ईसीजी जांच के नाम पर मरीजों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया गया है कि नई सर्जरी बिल्डिंग स्थित हड्डी रोग विभाग के वार्ड में एक बाहरी व्यक्ति मरीजों से ईसीजी जांच के लिए 300-300 रुपये ले रहा था। कॉलेज में ईसीजी जांच का निर्धारित सरकारी शुल्क 68 रुपये है। एसएन के प्राचार्य डाॅ. प्रशांत गुप्ता ने तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति ईसीजी करते दिखाई दे रहा है। वीडियो में दावा किया गया है कि वार्ड में भर्ती करीब 10 मरीजों से ईसीजी जांच के नाम पर पैसे लिए गए। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था और सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। विभागीय अधिकारियों ने वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को पहचानने से मना किया है। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि वीडियो वायरल मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय कमेटी गठित कर दी गई है। समिति में सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ.राजेश गुप्ता, क्षय रोग विभाग के डॉ. गजेंद्र विक्रम सिंह और मेडिसिन विभाग के डॉ.मनीष बंसल को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे संदिग्ध लोगों को चिह्नित कर लिया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद एफआईआर कराई जाएगी।