मैनपुरी। 23 जनवरी को जिले में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा की निगरानी के लिए जिले में बनाए गए 28 केंद्रों को आठ सेक्टर में विभाजित किया गया है। इसके अतिरिक्त केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ ही पर्यवेक्षक की तैनाती भी रहेगी।
जिले में 23 जनवरी को शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन होने जा रहा है। प्राथमिक वर्ग की परीक्षा के लिए जिले में 28 केंद्र बनाए गए हैं जबकि उच्च प्राथमिक के लिए 19 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए प्राथमिक वर्ग केंद्रों को आठ सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक की भी तैनाती की गई है। वहीं जूनियर वर्ग के 19 केद्रों को छह सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक और पर्यवेक्षक की तैनाती दोनों पालियों में रहेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां चल रही हैं। जिला परीक्षा समिति के निर्देश पर प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के लोगों को पर्यवेक्षक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनाती दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।