कानपुर के विकास दुबे मुठभेड़ कांड में सीओ सहित आठ पुलिसकर्मियों के शहीद होने के बाद फिरोजाबाद की पुलिस भी हिस्ट्रीशीटरों का ब्यौरा खंगालने में जुटी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस रिकॉर्ड से 1528 हिस्ट्रीशीटरों में 256 लापता हैं। जांच के दौरान पुलिस को इनकी कोई खोज खबर नहीं मिल पा रही है। वहीं 141 आज भी जेल की सलाखों के पीछे हैं।
कानपुर के थाना चौबेपुर के बिकरू गांव में ढाई लाख के इनामी विकास दुबे के साथ मुठभेड़ के दौरान सीओ सहित आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। घटना के बाद एसएसपी सचिंद्र पटेल के निर्देशन में जिले में हिस्ट्रीशीटरों की हिस्ट्री खंगाली जा रही है।
ये भी पढ़ें: विकास दुबे का साथी बताकर ससुर को पहुंचाया हवालात, सच्चाई खुलने पर पुलिस हुई हैरान
एसएसपी ने हिस्ट्रीशीटरों की सूची बनाने के साथ सत्यापन की जिम्मेदारी संबंधित सर्किल के सीओ को सौंपी है। पुलिस ने थानावार सूची तैयार की है। हालांकि सूची में चौकाने वाला तथ्य सामने आया है कि 256 हिस्ट्रीशीटरों का कोई सुराग नहीं लग पा रहा है।
पुलिस के अभिलेखों में ये लापता दर्ज हैं। फिरोजाबाद शहर में लापता हिस्ट्रीशीटरों की संख्या सर्वाधिक 84 है। वहीं उत्तर थाना क्षेत्र में 18, दक्षिण में 14, रसूलपुर एवं रामगढ़ थाने में 26-26 हिस्ट्रीशीटर लापता है। सदर सर्किल के मटसेना थाने में तीन, बसई मोहम्मदपुर में छह, लाइनपार थाना क्षेत्र में तीन हिस्ट्रीशीटर लापता है।
शिकोहाबाद सर्किल में शिकोहाबाद 23, मक्खनपुर चार एवं खैरगढ़ एवं तीन हिस्ट्रीशीटर लापता हैं। इसी प्रकार सिरसागंज सर्किल में सिरसागंज छह, नसीरपुर आठ एवं नगला खंगर में 12 एवं जसराना सर्किल के जसराना थाने में चार, एका में दो फरिहा 28 तथा टूंडला सर्किल के टूंडला थाने में 26 ,नारखी थाने में 26, पचोखरा थाने में 11 एवं नगला सिंघी में तीन हिस्ट्रीशीटर पुलिस रिकॉर्ड से लापता है।
जिले में हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन का काम संबंधित सीओ के निर्देशन में किया जा रहा है। उनके जीवन यापन का साधन क्या है? कौन सक्रिय हैं और कौन निष्क्रिय? आदि की जानकारी जुटाई जा रही है। सूची बनने और सत्यापन के बाद सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सचिंद्र पटेल एसएसपी फिरोजाबाद