कासगंज। मतदाता जागरूकता के लिए जिले में एक से बढ़कर एक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। मतदान दिवस को लोकतंत्र के महापर्व के रूप में मनाया जा रहा है। नामांकन के समय से शुरू हईं इस महा उत्सव की प्रक्रिया लगातार जारी है। शनिवार की रात को नगर के प्रभु पार्क मैदान में 11111 दीप जलाकर शत प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया गया। दीपों की रोशनी से प्रभु पार्क जगमगा उठा। रोशन हुए प्रभुपार्क का नजारा अद्भुत था।
जिलाधिकारी सीपी सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ल, सीडीओ डा. दिनेश कुमार, एडीएम योगेंद्र कुमार, बीएसए अंजली अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात प्रभुपार्क में दीप जलाए गए। दीप से दीप जलाते हुए कुछ ही देर में 11111 दीपक जलते ही पूरा मैदान जगमग हो उठा। यह नजारा देख बड़ी संख्या में मौजूद शहरवासी मतदान के लिए प्रेरित होते नजर आए और उन्होंने वोट देने का संकल्प व्यक्त किया। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने प्रभुपार्क में मौजूद लोगों को मतदान करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और नैतिक मतदान करने से मतदाता न चूकें। स्वयं वोट डालें और आसपास के लोगों को एक जिम्मेदार नागरिक की हैसियत से प्रेरित करें। इस अद्भुत कार्यक्रम में स्कूली छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
सजाया गया भारत का नक्शा
कासगंज। प्रभुपार्क में रंगोली से बढ़े आकार का भारत का नक्शा बनाया गया। इस नक्शे के चारों ओर दीप मालिका की गई। भारत के नक्शे के चारों ओर जगमगाती ज्योति से अद्भुत नजारा दिख रहा था। स्वीप टीम ने इस नक्शे को सजाया संवारा।
बनाया आदर्श बूथ, डाले वोट
कासगंज। प्रभु पार्क में बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में एक आदर्श बूथ बनाया गया। इस बूथ पर स्कूली बच्चों को पीठासीन अधिकारी और मतदान कार्मिकों की भूमिका में रखा गया। यहां आकर डीएम, एसपी सहित सभी अधिकारियों ने प्रतीकात्मक मतदान किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान स्वीप नोडल अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक आरएस राजपूत, ईओ कुलकमल सिंह, खंड शिक्षाधिकारी राजेंद्र सिंह बोरा, गिर्राज सिंह, थान सिंह, सचिन यादव, डीसी वीरेंद्र सिंह, डीसी जीएस राजपूत, जयंत गुप्ता, खूबेंद्र सिंह,लोधी, मुनेश राजपूत, राजेंद्र सिंह, धनंजय कुमार, महावीर सिंह यादव, शालिनी मिश्रा, गीता यादव, ज्योति सक्सेना आदि मौजूद रहे।
डीएम ने की सराहना, देेंगे प्रशस्ति पत्र
कासगंज। प्रभुपार्क पर दीपमाला का भव्य नजारा देख डीएम ने बेसिक शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं इस कार्य में सहयोग करने वाले शिक्षक शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित करेंगे।