चाड़ी मार्ग पर पिछले दिनों हुई रोड होल्डअप वारदात के खुलासे को पुलिस अब दिल्ली में पहुंच गई है। वहां की पुलिस के सहयोग से लुटेरों की लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश में दविशें दीं है। कुछ लुटेरों की लोकेशन गाजियाबाद और अलीगढ़ में भी मिल रही है।
पिछले सप्ताह चाड़ी मार्ग पर बदमाशों ने रोडवेज की तीन बसों सहित 5 वाहनों में पंक्चर कर रोड होल्डअप की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने हरियाणा के कैंटर चालक को गोली मारकर घायल कर दिया जबकि मधुमक्खी पालक से 50 हजार रुपये लूट लिए। घटना के खुलासे को एसपी अशोक कुमार शुक्ल ने चार टीमें लगाई हैं। पुलिस सूत्र बताते हैं कि टीमों ने लुटेरों को चिह्नित भी कर लिया है। पुलिस को कुछ लुटेरों की लोकेशन गाजियाबाद और अलीगढ़ में मिली है तो कुछ की दिल्ली में। लोकेशन के आधार पर पुलिस दिल्ली पहुंच गई है। दिल्ली पुलिस के सहयोग से कासगंज पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है। दावा किया जा रहा है कि बहुत जल्द लुटेरे गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
रातभर पुलिस की पहरेदारी
कासगंज। पुलिस ने जिलेभर में रात की पहरेदारी बढ़ा दी है। एसपी ने रात्रि गश्त के लिए थानावार टीमों का गठन किया है। कासगंज के सहावर-चाड़ी मार्ग पर सहावर और कासगंज पुलिस की संयुक्त टीमें लगाई गईं हैं। रातभर यह टीमें वाहनों को इस मार्ग से सुरक्षित निकाल रहीं हैं। एक स्थान पर 4 से 6 वाहन इकट्ठे होने के बाद एक साथ वाहन भेजे जा रहे हैं।
- लुटेरों की लोकेशन गाजियाबाद-दिल्ली की ओर मिली है। तलाश में दबिशें दी जा रहीं है। पता चला है कि लुटेरे कौन हैं। शीघ्र ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। रविंद्र बहादुर, थाना प्रभारी, सहावर।