एटा। शस्त्र लाइसेंस बनवाने के लिए इन दिनों लोग परेशान हैं। जिन विभागों से इसके लिए प्रमाण पत्र जारी होने हैं, वहां दिन भर लोगों की भीड़ बनी रहती है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी मानसिक स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी होना है। इसके चलते जिला अस्पताल में भी आवेदकों की भीड़ रहती है। इसके चलते पिछले दो दिनों से अस्पताल में हंगामा हो रहा है।
सुबह होते ही जिला अस्पताल में मरीजों के साथ ही शस्त्र लाइसेंस के आवेदकों की भीड़ लगनी भी शुरू हो जाती है। जिला अस्पताल के एक कक्ष में मानसिक स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाने का कार्य चल रहा है। सोमवार को यहां पर आवेदकों ने वसूली किए जाने को लेकर काफी हंगामा किया था। मंगलवार को प्रमाण पत्र बनाने का कार्य चल रहा था। इस दौरान कई बार कक्ष का दरवाजा बंद कर दिया गया।
इसको लेकर आवेदक भड़क गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। आवेदकों ने आरोप लगाया कि कर्मचारी कक्ष बंद कर अपने चहेतों के प्रमाण पत्र बना रहे हैं। इसके अलावा प्रमाण पत्र बनाने के एवज में धन वसूला जा रहा है। हंगामा बढ़ते देख अधिकारियों को पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस के पहुंचने पर हंगामा शांत हो सका।
निरीक्षण को पहुंचे जेडी स्वास्थ्य से भी की शिकायत
एटा । जेडी स्वास्थ्य डा. ललित कुमार दोपहर में जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को परखा। इसी दौरान आवेदकों ने उनसे धन वसूली की शिकायत भी की। जेडी स्वास्थ्य ने सीएमएस को पारदर्शिता के साथ मानसिक स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए। जेडी स्वास्थ्य ने जिला अस्पताल की क्वालिटी कंट्रोल पर भी वार्ता की, इसके बाद सीएमओ के साथ बैठक कर शहरी स्वास्थ्य मिशन के बारे में जानकारी की और फिर अलीगढ़ चले गए।
शस्त्र लाइसेंस के लिए मांगे जा रहे स्वास्थ्य प्रमाण पत्रों को पूरी पारदर्शिता के साथ बनाने के निर्देश सीएमएस को दिए गए हैं। धन उगाही अथवा वसूली की कोई शिकायत नहीं आई है, शिकायत आने पर जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डा. ललित कुमार, जेडी स्वास्थ्य अलीगढ़