मथुरा। पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में नेशनल स्कूल गेम्स का उद्घाटन एडीजी आगरा अजय आनंद ने मशाल जलाकर किया। इससे पहले एडीजी ने झंडारोहण करते हुए रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में उड़ाए। तीसरे नेशनल गेम्स में हिस्सा ले रहे नौ राज्यों के 225 खिलाड़ियों को शपथ दिलाते हुए एडीजी ने शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी बताए।
तीन दिवसीय तीसरे नेशनल गेम्स का सोमवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में धूमधाम से शुभारंभ हो गया। मार्च पास्ट की सलामी लेने के बाद मुख्य अतिथि एडीजी अजय आनंद के स्वागत में खिलाड़ियों ने स्वागत गान गाया। अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों ने क्षेत्रीय भाषा में सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर अलग ही छठा बिखेरी।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी और पुलिस मार्डन स्कूल की प्रधानाचार्या ऋचा वशिष्ठ ने एडीजी का स्वागत किया। एडीजी ने गेम्स की घोषणा की। प्रधानाचार्या ऋचा वशिष्ठ ने बताया कि गेम्स में योगा, कबड्डी, फुटबॉल, बालीवाल, एथलेटिक्स, खो-खो, लेग क्रिकेट, चैस, टेबिल टेनिस, कराटे और ताइक्वांडो खेल होंगे।
इस मौके पर जोगेंद्र प्रसाद वर्मा, शारदा ग्रुप के वीके शर्मा, केडी मेडिकल के रामकिशोर अग्रवाल, एमएन नंदा, पी यादव, जसवंत सिंह, उमा मोटर्स पवन चतुर्वेदी, जीएलए के नारायणदास अग्रवाल, नयति की नीरा राडिया, एसपी सुरक्षा सिद्धार्थ वर्मा आदि मौजूद रहे। संचालन स्नेहा यादव ने किया। एसएसपी ने जताया सभी का आभार।
इन राज्यों के खिलाड़ी कर रहे हैं शिरकत
- पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलांगाना, झारखंड, गुजरात, यूपी, उत्तराखंड।