मथुरा। जिला योजना समिति पर भाजपा पूरी तरह से काबिज हो गई है। चार सदस्यों को निर्विरोध निर्वाचित कराने के बाद बुधवार को बाकी तीन सदस्यों को भी मतदान के जरिए निर्वाचित करा दिया। इसके लिए दिन भर कलक्ट्रेट में गहमागहमी का दौर रहा। इस दौरान पुलिस बल मौजूद रहा।
बुधवार को जिला योजना समिति के लिए मतदान हुआ। कलक्ट्रेट में आयोजित निर्वाचन की प्रक्रिया में जनपद के 14 निकायों से 209 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। मतदान की प्रक्रिया प्रात: आठ बजे से शुरू हो गई थी, जो दोपहर तीन बजे तक निरंतर चलती रही। विभिन्न दलों से समर्थित पार्षद और सभासद वोट डालने पहुंचे। भाजपा की ओर से पुलिस लाइन के निकट शिविर भी लगाया गया था। कांग्रेसीजन कलक्ट्रेट में ही एकत्रित रहे।
मतदान दोपहर 3:30 बजे से मतों की गिनती शुरू हो गई। इसमें सबसे पहले अनुसूचित जाति महिला के लिए हुए मतदान का परिणाम घोषित किया। इसमें भाजपा समर्थित मथुरा नगर निगम से शकुंतला 113 मतों के साथ निर्वाचित घोषित की गईं। कांग्रेस से रजनी को 65 मत तथा बसपा की सोनम को 31 मत मिले। इसके अलावा सामान्य वर्ग के दो सदस्यों के लिए हुए मतदान में सबसे अधिक मत भाजपा के राया से सभासद जितेंद्र सिंह 157 मत प्राप्त करते हुए प्रथम स्थान पर निर्वाचित हुए, जबकि भाजपा के ही चौमुहां के सदस्य 112 मतों के साथ द्वितीय स्थान पाकर निर्वाचित हुए। छाता से सभासद राजेश को 84 मत मिले। दो अन्य उम्मीदवार विनोद भारद्वाज और मनोज सक्सेना के मतों की गिनती मथुरा नगर निगम से पार्षद होने के कारण नहीं की गई।
गौरतलब रहे कि भाजपा ने ओबीसी के लिए नंदगांव के सभासद मुकेश, ओबीसी महिला के लिए बरसाना की मंजू देवी, सामान्य महिला वर्ग के दो स्थानों के लिए गोकुल से निशा शर्मा और कोसीकलां की कुसुम अग्रवाल को निर्विरोध निर्वाचित करा दिया था। इस दौरान भाजपा कैंप में जिलाध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह, नगेंद्र सिकरवार, चिंताहरण चतुर्वेदी, हेमंत अग्रवाल, राजेश सिंह पिंटू, सिद्धार्थ लोधी, रामकृष्ण चतुर्वेदी, दीपक आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।