मथुरा। राज्य सभा सांसद कपिल सिब्बल की निधि से बनने वाली 23 लाख की चार सड़कों का निर्माण आरईएस नहीं करा सका। आरईएस एक्सईएन व कर्मचारियों की लापरवाही के चलते पांच माह में भी काम शुरू नहीं हो सका। इस पर कपिल सिब्बल ने दूसरी संस्था से काम कराने को लिखा है।
राज्य सभा सांसद व वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने मथुरा बांगर में शांति कुंज कालोनी में वीरेंद्र के घर से एमएस सैनिक पब्लिक स्कूल तक 111 मीटर इंटर लॉकिंग को पांच लाख, धोबी मोहल्ला में मोहम्मद शफी के घर से अहमद के घर तक 89 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क के लिए 3.98 लाख, विकास नगर कालोनी में विजय सैनी के मकान से गोपाल प्रसाद के मकान तक 123 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क को छह लाख, तथा नवनीत नगर में यूनुस के घर से सर्वेश कालेज तक 135 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क के लिए नौ लाख, हेमराज नगर में खजानी के मकान से विशाल के मकान तक 106 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क को पांच लाख रुपये सांसद विकास निधि से दिए। इन सड़कों को बनाने की जिम्मेदारी आरईएस को दी गई।
इसमें आरईएस ने प्रस्ताव तो बनाए लेकिन टेंडर नहीं कराए। पांच महीने तक काम शुरू न होने पर सिब्बल ने कार्यकारी संस्था आरईएस से हटाकर दूसरी संस्था से कराने को लिखा है। सीडीओ पवन कुमार गंगवार ने बताया कि पत्र को संज्ञान लेते हुए चारों सड़क निर्माण कार्य आरईएस से हटाकर डीआरडीए को दिए जा रहे हैं। वहीं एक्सईएन आरईएस राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके यहां से कपिल सिब्बल की निधि के काम हटा लिए गए हैं।