मैनपुरी। ग्राम पंचायत मंछना के ग्राम प्रधान डीपीआरओ के पत्र का दो माह बाद भी कोई जवाब नहीं दे रहा है। कई बार प्रधान के खिलाफ नोटिस जारी हो चुके हैं। जिला पंचायतराज अधिकारी सुरेश चंद्र मिश्र ने प्रधान के खिलाफ अंतिम नोटिस जारी कर दिया है।
ग्रामवासी सोमेश्वर दयाल ने मुख्यमंत्री से की शिकायत में प्रधान रामरतन पर गरीबों के खेतों का जबरन बैनामा कराने का अरोप लगाया था। इसके अलावा शिकायती पत्र में कहा गया कि पिछले 10 वर्षो से ग्राम प्रधान रहने के बाद भी गांव में आज तक कोई विकास कार्य नहीं कराया गया है। गांव में शौचालयों के लिए आई धनराशि को भी बिना किसी कार्य के निकाल लिया है। इस धनराशि का उपयोग अपनी निजी कार्य के लिए किया गया है। गांव में कोई शौचालय का निर्माण नहीं किया गया।
शिकायकर्ता का आरोप है कि प्रधान के साथ गांव के कोटा डीलर राजनरायण और शिक्षामित्र सत्यनरायण भी इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं। इसकी शिकायत को जिलापंचायती राज विभाग ने गंभीरता से लेते हुए प्रधान से लगाए गए आरोप का स्पष्टीकरण मांगा। इसके लिए प्रधान को तीन दिन का समय भी दिया गया। लेकिन दो माह गुजर जाने के बाद भी प्रधान के द्वारा अभी तक कोई जवाब नहीं दिया गया है।
ग्राम प्रधान को अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। प्रधान की ओर से जवाब नहीं देने पर डीमए के समक्ष फाइल को भेज दिया जाएगा। इससे प्रधान के अधिकार भी सीज हो सकते हैं।
सरेश चंद्र मिश्र, डीपीआरओ