फिरोजाबाद/टूंडला।कानपुर रेलखंड पर मक्खनपुर रेलवे स्टेशन के पास बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। टूटी पटरी से मालगाड़ी निकली तो चालक और गार्ड को तेज झटका लगा। उन्होंने मौके पर ही मालगाड़ी को रोक दिया। सूचना टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी गई। इसके बाद अधिकारियो में हड़कंप मच गया। एडीआरएम मौके पर पहुंच गए। पीछे आ रही संगम एक्सप्रेस को रोका गया। करीब एक घंटे तक ट्रैक बाधित रहा। ट्रैक को रही करने के बाद ट्रेनों को रवाना किया गया।
बुधवार सुबह सात बजे करीब कानपुर की ओर से आ रही एक मालगाड़ी मक्खनपुर रेलवे स्टेशन के निकट से गुजरी तो चालक और गार्ड को तेज झटका लगा। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने मालगाड़ी को रोक दिया। तुरंत ही सूचना टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी गई। बाद में ट्रैक की जांच की तो अधिकारियों के होश उड़ गए।
पटरी टूटे होने की जानकारी पर जहां की तहां ट्रेनों को रोक दिया गया। पीछे आ रही संगम एक्सप्रेस को भी रोक दिया। यदि संगम एक्सप्रेस नहीं रोकी जाती तो बड़ा हादसा होता। इलाहाबाद से आए एडीआरएम इनाम-उल-हक भी मक्खनपुर पहुंच गए।
रेलवे की टीम को पटरी ठीक करने के लिए भेजा गया। करीब एक घंटे तक ट्रैक बाधित रहा और ट्रेनों को रोके रखा गया। टूटी हुई पटरी पर कॉशन लगाकर ट्रेनों को निकाला गया। अधिकारियों ने मालगाड़ी के चालक और गार्ड की सूझबूझ की सराहना की है।