फरह (मथुरा)। मथुरा मंडी में धान बेचकर जा रहे औरैया के किसान से बुधवार की शाम कार सवार दो युवकों ने मारपीट करते हुए 1.72 लाख रुपये लूट लिए। कार सवारों ने मारपीट करते हुए किसान को हाईवे पर फरह के फतिहा कट पर फेंक दिया। कार सवार दोनों युवक अपने को क्राइम ब्रांच का बता रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार सवार लुटेरों की तलाश की।
औरैया के गांव नूना निवासी बॉबी पुत्र सुरेंद्र मंगलवार को धान बेचने के लिए मथुरा मंडी आए थे। बुधवार को धान बेचने के बाद किसान मंडी समिति के बाहर वाहन का इंतजार करने लगा। इसी बीच इंडिका कार आकर रुकी। किसान कार में सवार होकर चल दिया। किसान की माने तो कार में सवार दो युवकों ने क्राइम ब्रांच का बताकर उनसे मारपीट की।
उसके बाद 1.72 लाख रुपये लूटकर उसे फतिहा कट पर फेंक गए। किसान ने मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फरह पुलिस ने कार सवार लुटेरों की तलाश की, पर कोई हत्थे नहीं चढ़ सका। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मुकद्दमा दर्जकर लुटेरों की तलाश की जाएगी।