फिरोजाबाद। नगर निगम में तीसरे नगर आयुक्त के रूप में शासन ने इटावा के एडीएम जितेंद्र कुमार की तैनाती कर दी है। फिरोजाबाद नगर आयुक्त कमलेश कुमार का एडीएम सिटी मुरादाबाद के लिए तबादला हो गया है। उनका तबादला नगर विधायक मनीष असीजा के साथ हुए झगडे से जोड़ देखा जा रहा है। नगर आयुक्त ने विधायक पर गंभीर आरोप तब लगाए, जब छारबाग क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर लोगों ने जाम लगाया था और विधायक लोगों की समस्या सुनने मौके पर पहुंचे थे।
नगर आयुक्त कमलेश कुमार की फिरोजाबाद में 22 जुलाई को तैनाती हुई थी। नगर निगम में कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उनका विवादों से चोली दामन का साथ रहा। नगर निगम अफसरों और कर्मचारियों से कर्कश भाषा का प्रयोग करने पर कर्मचारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी थी।
विभागीय कार्यों को लेकर अफसरों व कर्मचारियों के बीच वे सामंजस्य नहीं बैठा पाए। भुगतान फंसने से ठेकेदारों ने निर्माण कार्यों का बहिष्कार कर दिया। दिवाली जैसे प्रमुख त्योहार पर भुगतान नहीं होने ठेकेदारों ने आंदोलन किया। शासन ने शनिवार को दिन 18 पीसीएस अफसरों का स्थानांतरण आदेश जारी कर दिया। फिरोजाबाद के नगर आयुक्त कमलेश कुमार का एडीएम सिटी मुरादाबाद पद पर स्थानांतरण कर दिया गया।
उनके स्थान पर इटावा में तैनात एडीएम (वि.रा.) जितेंद्र कुमार को फिरोजाबाद का नगर आयुक्त बनाया है। नगर विधायक मनीष असीजा के साथ नगर आयुक्त का तालमेल नहीं बैठ पा रहे थे। छारबाग पर नलकूप खराब होने पर लोगों ने जाम लगाया तब असीजा ने मौके पर पहुंच कर नगर आयुक्त को बुला लिया था। नगर आयुक्त ने विधायक पर तमाम आरोप लगाए थे। इस पर राजनीति भी गरमा गई थी। सपा ने प्रदर्शन किया था।