फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र के नई बस्ती में जुआ के पैसे को लेकर दो समुदाय के युवकों के बीच विवाद उग्र होने से पथराव हो गया। दोनो पक्षों ने एक दूसरे पर बोतलें फेंकी। इसके चलते क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और दुकानों के शटर गिरने लगे। एसपी सिटी राजेश सिंह कई थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हालात संभाले। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना दक्षिण क्षेत्र की नई बस्ती में शुक्रवार शाम सात बजे गुड्डू उर्फ शाहरुख मोहल्ले में जुआ खेल रहा था। इसी बीच शिवम पुत्र महेंद्रपाल ने गुड्डू से तगादा किया तो विवाद होने पर मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों समुदायों के लोग सामने- सामने आने से पथराव शुरू हो गया।
पथराव होते ही नई बस्ती क्षेत्र में अफरातफरी और भगदड़ मच गई। दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। कई दुकानदार दुकानों के बंद हो गए। नई बस्ती चौराहे पर हलवाई वीरेंद्र गुप्ता के तेल की कढ़ाई उपद्रवियों ने उलटते हुए दूध से भरे भगोने फैला दिए। भट्ठी पलटते हुए बोतलें फेंकी। इस कारण क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर एसएचओ दक्षिण विनोद कुमार यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस बल देखते ही उपद्रवी भाग निकले। एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष उत्तर लोकेश भाटी, लाइनपार तेज बहादुर चंदेल, रसूलपुर मुनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी ने नई बस्ती में हुई घटना के संबंध में पूछताछ की।
थाना प्रभारी दक्षिण विनोद कुमार का कहना है पैसे के लेनदेन को लेकर शिवम व शाहरुख उर्फ गुड्डू के बीच विवाद हुअ था। कुछ युवकों ने पथराव किया है। इन्हें चिह्नांकित करके कार्रवाई की जाएगी।
नई बस्ती का विवाद दो युवकों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर हुआ है। दोनों पक्षों ने पथराव किया है। इसमें दो समुदाय नहीं है। मामले की जंांच कराई जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई होगी।