करहल (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के करहल-सिरसागंज मार्ग पर रविवार शाम हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए लोगों ने करहल-सिरसागंज मार्ग पर जाम लगा दिया। यही नहीं वाहनों में तोड़फोड़ भी की। जानकारी पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। देर रात खबर लिखे जाने तक जाम लगा हुआ था। वहीं अधिकारी लोगों को समझा रहे थे।
गांव सहस निवासी छह वर्षीय मुस्कान पुत्री सत्यवीर मां के साथ रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे टेंपो से ननिहाल लाखनमऊ जा रही थी। मानपुरी चौराहे के पास टेंपो से उतरने के बाद वह गांव जाने के लिए सड़क पार कर रही थी। तभी अज्ञात वाहन ने बालिका को रौंद दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं उसकी मां भी घायल हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गई। गुस्साए लोगों ने बच्ची का शव करहल-सिरसागंज मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही अधिकारी मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। सूत्रों के अनुसार इस दौरान भीड़ ने कई वाहनों में तोड़फोड़ की। वहीं र्कई पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता भी की। देर रात समाचार लिखे जाने तक लोग मार्ग पर जाम लगाए हुए थे। वहीं पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे थे।