मथुरा। रेलवे जंक्शन स्टेशन पहुंचने वाले चौपहिया वाहनों की अब अत्याधुनिक कैमरों से स्कैनिंग होगी। वाहनों में रखे गए सभी सामान की जांच होगी और चालक का फोटो कैद हो जाएगा। इसके लिए जंक्शन पर लगाई गई व्हीकल स्कैनर मशीन का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया।
रेलवे जंक्शन स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए सरकुलेटिंग एरिया में आने वाले चौपहिया वाहनों की जांच के लिए व्हीकल स्कैनिंग मशीन लगाई गई है। सड़क के समतल पर लगाई गई मशीन नीचे लगे इंटरनल कैमरों से वाहन की स्कैनिंग करेगी, वहीं ऊपर लगे दो कैमरों से वाहन चालक व नंबर प्लेट के फोटो खींच लेगी।
मशीन में लगे सैंसर हाई व लेजर बीम कैमरों से संबद्ध हैं। इससे वाहन में बम या आपत्ति जनक वस्तु होने पर बीम बजने लगेगा और आरपीएफ स्टाफ सतर्क हो जाएगा।
शुक्रवार दोपहर को आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त केशव सिंह व स्टेशन डायरेक्टर एनपी सिंह ने स्कैनर मशीन का शुभारंभ किया। आरपीएफ इंस्पेक्टर सीबी प्रसाद ने बताया कि 24 घंटे व्हीकल स्कैनर मशीन पर आरपीएफ की ड्यूटी रहेगी।
सरकुलेटिंग एरिया में आने वाले सभी वाहन स्कैनिंग मशीन से होकर गुजारे जाएंगे। इस दौरान जीआरपी प्रभारी शिवकुमार सिंह पोनियां व अन्य लोग मौजूद रहे।