कोसीकलां (मथुरा)। आठ दिन से लापता युवक का शव गोपाल बाग पर आगरा नहर के समीप झाड़ियों में पड़ा मिला है। युवक की हत्या कर शव को फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव दादोह भवानीपुर अलीगढ़ निवासी मुनेश (32) पुत्र जोधा करीब 10 सालों से गांव नगला बंजारा में अपनी बहन के पास रहता था। मुनेश फेरी लगाने के अलावा ट्रक पर हैल्पर का काम भी करता था। 2 जून को उसे गांव का गोविंद पुत्र बच्चू अपने साथ गाड़ी पर ले जाने की बात कह कर घर से ले गया था। बताया जाता है कि दूसरे दिन गोविंद वापस आ गया लेकिन मुनेश उसके साथ नहीं लौटा।
मुनेश के जीजा कुंवरपाल ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नही लगा। रविवार को कोसी से गांव जाते समय आगरा नहर के समीप झाड़ियों से बदबू आई तो कुंवरपाल वहां गया। शव के समीप कपड़े और कुछ कागजात दिखाई दिए तो कुंवरपाल ने मुनेश की पहचान कर ली। उसनेे पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के जीजा कुंवरपाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।