कासगंज। आयुक्त एवं निदेशक उद्योग एवं जिले के नोडल अधिकारी रणवीर प्रसाद ने सोमवार को जिले में संचालत निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणदायी एजेंसियों को चेतावनी दी कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे हों। इस दौरान उन्होंने कैनाल रूट बाईपास का निर्माण तेजी से कराने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी रणवीर प्रसाद सोमवार को जिले के अधिकारियों के साथ सबसे पहले निर्माणाधीन फोरलेन सड़क योजना को देखने पहुंचे। उन्होंने सड़क खोदवाकर जांच की। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जांच के बाद उन्होंने समय से कार्य पूरा करने को कहा। इसके बाइ उन्होंने निर्माणाधीन काली नदी पुल का निरीक्षण किया। यह पुल 138.78 मीटर लंबा बनाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के अधिकारियों ने बताया कि पुल का निर्माण दिसबंर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने सेतु निगम की प्रयोगशाला एवं अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। प्रभु पार्क के सुंदरीकरण योजना का भी उन्होंने निरीक्षण किया। इस दौरान जिम और पुस्तकालय बनवाने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने ग्राम पंचायत अल्लीपुर दादर के ओडीएफ गांव बहादुर नगर का निरीक्षण किया। विकास कार्यों एवं शौचालयों का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इधर, प्रभु पार्क में भाजपा बृज प्रदेश अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी से नोडल अधिकारी की विकास योजनाओं पर चर्चा की। नोडल अधिकारी ने शासन में कुछ विकास प्रस्तावों की पैरवी के संबंध में कहा कि वे इसमें अपना सहयोग करें।
निर्माण में लापरवाही बरतने पर ठेकेदार को हटाएं
कासगंज। कैनाल रूट बाईपास में विलंब के मामले पर नोडल अधिकारी रणवीर प्रसाद गंभीर नजर आए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में ढिलाई बरतने की स्थिति में संबंधित ठेकेदार को तत्काल हटया जाए अन्यथा समय सीमा के अंतर्गत कार्य पूरा करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा होना चाहिए।