मैनपुरी। कचहरी रोड स्थित यूनियन बैंक का सायरन बजते ही पुलिस हकरत में आ गई। आनन-फानन में पुलिस ने बैंक परिसर को घेर लिया। बैंक अधिकारियों के आने के बाद जब खुलवाकर देखा तो वहां सब कुछ सही था। कोई गड़बड़ी न मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
कोतवाली क्षेत्र में कचहरी रोड स्थित यूनियन बैंक में रविवार की रात करीब 12 बजे अचानक सायरन बजने लगा। जानकारी मिलने के बाद थाना पुलिस, पीआरबी, कोबरा टीमें वहां पहुंच गईं। बैंक में किसी के होने के शक के चलते परिसर को घेर लिया गया।
पुलिस ने बैंक अधिकारियों को सूचना दी, जिसके कुछ देर बाद अधिकारी बैंक आ पहुंचे। ताला खुलवाने के बाद पुलिस बैंक के अंदर सावधानीपूर्वक दाखिल हुई। अंदर काफी देर तक पुलिस तलाश करती रही मगर वहां कोई नहीं था। सायरन किस वजह से बजा इसके बारे में भी कोई पुख्ता जानकारी नहीं हो सकी। बैंक अधिकारियों के मुताबिक हो सकता है कि बायरिंग में कोई चूहा घुस गया हो जिस वजह से सायरन बज गया। बैंक में सब कुछ ठीक पाए जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।