मैनपुरी। जो लोग स्वयं की छत का सपना संजोए बैठे हैं। उनका ख्वाब जल्द पूरा होने वाला है। डूडा कार्यालय की ओर से प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत सभी प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया गया है। वहीं लाभार्थियों की जगह को चिह्नित कर 519 लाभार्थियों के खाते में 50 हजार रुपये की पहली किस्त भेज दी गई है।
डूडा कार्यालय की ओर से प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत नगर पालिका में 627 और नगर पंचायतों में 1885 लोगों को आवास दिए जाने थे। लेकिन काफी लंबे समय से इन आवासों की प्रक्रिया रुकी हुई चल रही थी। एक बार जांच पूरी होने के बाद पात्रों की दोबारा जांच भी कराई गई। लेकिन इस बार जांच को पूरा कर लिया गया है।
पहले चरण में 295 और द्वितीय चरण में 224 लाभार्थियों के खाते में 50 हजार रुपये की किस्त भेज दी गई है। इससे वह अपने आवास निर्माण की शुरुआत कर सके। विभाग की ओर से लाभार्थियों के द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की जा रही है। यह है नियम प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत लाभार्थियों को स्वयं ही आवास बनाना पड़ता है।