भोगांव। करीब एक सप्ताह पूर्व रुई पशु मेेले से लापता हुए पशु व्यापारी का शव मंगलवार सुबह गांव मेरापुर गुजराती जाने वाले मार्ग पर झाड़ियों में मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के एलएन इंटर कालेज के निदेशक अजीत यादव मंगलवार सुबह टहलने के लिए निकले थे। गांव मेरापुर गुजराती जाने वाले मार्ग पर उन्हें दुर्गंध लगी तो उन्होंने झाड़ियों के पास जाकर देखा। वहां कुछ जानवर एक शव को नोंच कर खा रहे थे। शव करीब एक सप्ताह पुराना था और क्षत विक्षत हो चुका था। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।
उधर पिता की तलाश में भटक रहे मुकेश कुमार निवासी गांव सिरौली थाना नवाबगंज जिला फर्रुखाबाद भी शव मिलने की सूचना पर पहुंच गए। शव की शिनाख्त 55 वर्षीय कांशीराम के रूप में की।
बेटे ने बताया कि पिता पशु की खरीद फरोख्त का व्यापार करते थे। बीते मंगलवार को वह साथियों के साथ रुई मेला में पशु बेचने के लिए आए थे। वहीं से लापता हो गए थे, जिसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई गई थी। वह भी लगातार तलाश कर रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जेब में रहती थी हजारों की नकदी
पशु व्यापारी का शव मिलने के बाद हत्या की भी आशंका जताई गई है। परिजनों के मुताबिक मृतक के पास हमेशा 30-40 हजार रुपये रहते थे, जबकि शव मिलने के बाद उनके पास रुपये नहीं मिले हैं। हो सकता है कि उनकी हत्या लूट के इरादे से की गई है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।