कासगंज। केंद्र सरकार ने कासगंज एवं अमांपुर विधानसभा क्षेत्र की दो सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। सड़क परियोजनाओं में कासगंज-अमांपुर-सिढ़पुरा एवं अमांपुर-सहावर टू-लेन सड़क शामिल हैं। दोनों सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव काफी समय से लंबित था। अब स्वीकृति के बाद दोनों परियोजनाओं पर शीघ्र निर्माण शुरू होगा।
कासगंज-अमांपुर-सिढ़पुरा मार्ग काफी जर्जर है। इस मार्ग पर आवागमन में लोगों को खासी परेशानी होती है। ऐसे में कासगंज-अमांपुर-सिढ़पुरा मार्ग के लिए अनुमानित 50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग द्वारा भेजा गया था। राज्य सरकार की संस्तुति के बाद यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया। अब केंद्र सरकार ने भी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही अमांपुर-सहावर मार्ग के 27 करोड़ के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।
दोनों परियोजनाओं के लिए टेंडर 23 मार्च को खोले जाएंगे। टेंडर खुलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सीपी सिंह ने कहा कि मार्ग का निर्माण टू-लेन में किया जाएगा। सड़क चौड़ी होने पर लोगों को राहत मिलेगी। निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।