कुसमरा। रामनगर मार्ग पर ट्रैक्टर खरीद को लेकर कुछ लोगों ने युवक व परिवारीजनों के साथ मारपीट कर जेवर व नकदी लूट ली। पीड़ित ने फायर किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रामनगर मार्ग निवासी त्रिलोकी सिंह ने भोगांव की एक ट्रैक्टर एजेंसी से वर्ष 2014 में ट्रैक्टर खरीदा था। ट्रैक्टर अगले दिन ही खराब हो गया इसकी शिकायत की गई तो एजेंसी संचालक ने बदलने की बात कही लेकिन ट्रैक्टर नहीं बदला। वहीं त्रिलोकी ने बकाया रहे 35 हजार का भुगतान नहीं किया।
सोमवार को दोपहर एक कार व चार बाइकों से कुछ लोग आए और त्रिलोकी को देखकर वहां से चले गए। कुछ देर बाद जब वह ट्रैक्टर से चाचा मुख्त्यार सिंह व दादी के साथ रामनगर मार्ग पर जा रहा थे, तभी उक्त लोग वहां आकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तमंचे की बट से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने फायरिंग करते हुए उसके पास रखी एक लाख की नकदी, चाचा की जंजीर व दादी के कुंडल लूटने का आरोप लगाया।
आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग गए। इंस्पेक्टर किशनी समरेश सिंह का कहना है कि मामला लेनदेन का है। तहरीर मिल गई है जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।