मैनपुरी। ब्योंति खुर्द में छापेमारी कर पुलिस ने अवैध असलाह बना रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके कब्जे से एक पोनियां और 20 से अधिक अधबने असलाह के साथ ही उपकरण भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस ने शनिवार को सूचना पर गांव ब्योंति खुर्द में स्कूल के समीप एक पेड़ के नीचे अवैध असलाह बना रहे दो लोगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस को मौके पर कई बने व अधबने असलाह मिले।
पकडे़ गए आरोपियों ने अपने नाम सुरजेश और पप्पू निवासी गांव ब्योंति खुर्द बताया। आरोपियों ने बताया कि वह असलाह बनाने के बाद उन्हें तीन से चार हजार रुपये में बेचते हैं। इसके अलावा आसपास के जिलो के कुछ लोग भी संपर्क में हैं। जो कि उनसे असलाह खरीद कर ले जाते हैं।
दोनों काफी समय असलाह बनाने का काम कर रहे थे। पुलिस को मौके पर एक पोनियां व एक जिंदा कारतूस मिला। बरामद असलाह व उपकरणों को पुलिस ने सील कर दिया।