मथुरा। बिजली विभाग के अफसर, कर्मियों का एक बड़ा कारनामा सामने आया है। अडूकी गांव में बीपीएल कार्डधारकों के लिए जो बिजली लाइन मंजूर हुई थी, उसे पास की एक कालोनी में खींच दिया गया है। विरोध शुरू होने और शिकायतों के बाद बिजली विभाग के अधिकारी उस लाइन को हटवाने की तैयारी में जुट गए हैं।
भरतपुर रोड के गांव अडूकी के आसपास कालोनियां बस गई हैं। वहीं एक साल पूर्व गांव की बस्ती में राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना में गरीब बस्ती में बिजली की लाइन बनाकर कनेक्शन देने का प्रस्ताव पास किया गया। इस पर कालोनाइजर ने जेई और अधिकारियों से मिलकर कर गरीबों की बस्ती में खींची जाने वाली लाइन को अपनी कालोनी में खिंचवा दी।
गरीबाें को बीपीएल कोटे से जारी होने वाले कनेक्शनों से लोग वंचित हो गए। इसकी शिकायत ऑनलाइन आईजीआरएस पर गांव अडूकी निवासी एवं गरीब सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु भारद्वाज ने की। जब हकीकत खुली तो ग्रामीण एक्सईएन प्रथम महेंद्र सिंह ने 13 अप्रैल को डीएम को लाइन हटवाने के लिए पुलिस बल मांगने और पुलिस न मिल पाने के कारण लाइन न हट पाना बताकर शिकायत का जबाव भेज दिया। इसके बाद अब उसी लाइन में करंट चालू कर कालोनी रोशन करा दी।
इस संबंध में एक्सईएन प्रथम महेंद्र सिंह का कहना है कि गांव अडूकी में राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना में विद्युतीकरण कराया गया है। गांव के बाहर कुछ मकान लोगों ने बनवा लिए हैं। उनके लिए बिजली दी गई है। जहां लाइन दी गई है, वह गांव का हिस्सा है, कुछ लोग प्राइवेट कालोनी बता कर विरोध कर रहे हैं।