शस्त्र लाइसेंस आवेदकों ने जिला अस्पताल में किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
एटा। शस्त्र लाइसेंस पाने के लिए सरकार द्वारा नियमों में बदलाव किए हैं। आवेदनकर्ता मानसिक चिकित्सा प्रमाण पत्र बनवाने के लिए जिला अस्पताल में सुबह से ही लंबी लाइनें लग रही हैं। अब तक मनोरोग विशेषज्ञ नहीं होने की वजह से अलीगढ़ मेडिकल कालेज रेफर किए जा रहे थे। मगर एडी स्वास्थ्य ने जिला अस्पताल में ही प्रमाण पत्र बनाने के आदेश कर दिए है।
जिला अस्पताल में सोमवार को शस्त्र लाइसेंस बनवाने वाले आवेदन कर्ताओं की भारी भीड़ जुट गई। आवेदनकर्ताओं ने आरोप लगाए कि मानसिक रोग प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर स्वास्थ्य कर्मचारी वसूली कर रहे हैं। इस बात को लेकर हंगामा भी खड़ा कर दिया गया। आरोप लगे कि एडी स्वास्थ्य अलीगढ़ के आदेशों के बाद भी जिला अस्पताल में प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं। अगर किसी का बनाया जा रहा है तो जमकर वसूली की जा रही है। इसको लेकर गहमागहमी भरा माहौल रहा।
जिला अस्पताल में मनोरोग विशेषज्ञ नहीं है, इसलिए शस्त्र लाइसेंस आवेदनकर्ताओं को अलीगढ़ भेजा जा रहा था। अब एडी स्वास्थ्य के आदेश मिले हैं तो आवेदनकर्ताओं को घोषणा पत्र देने के लिए कहा गया है। ऐसा नहीं करने वाले लोगों ने नाराजगी जाहिर की थी, हंगामे जैसी कोई बात नहीं है। अवैध वसूली की शिकायत किसी ने नहीं की है।
डा. बी सागर, सीएमएस