सीमांकन को लेकर कटरी में बढ़ रहा तनाव
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। कटरी में सीमांकन के चलते विवादों की फसल तैयार होती नजर आ रही है। पटियाली क्षेत्र के कादरगंज खाम और कादरगंज पुख्ता सहित कई गांव में सीमंाकन को लेकर संघर्ष के हालात हैं। ग्रामीण आमने सामने हैं। बढ़ रहे तनाव को देखते हुए डीएम ने विवाद के निस्तारण के लिए ग्राम पंचायतवार राजस्व समितियां गठित करने के निर्देश दिए हैं। जिससे कटरी में निशानदेही हो सके।
सोमवार को कादरगंज के ग्रामीण रनवीर सिंह, रामपाल सिंह, लाल सिंह, प्रेमपाल सिंह सहित तमाम ग्रामीण डीएम आरपी सिंह से मिलने पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से कादरगंज खाम और कादरगंज पुख्ता के ग्रामीणों के बीच सीमांकन को लेकर तनाव है। राजस्व विभाग की टीम सीमांकन करने नहीं पहुंच रही है। बाढ़ के बाद मेड़बंधी टूट गई थी जब से अभी तक कोई सीमांकन नहीं हुआ। इस पर डीएम ने मामले की गंभीरता दिखाई। संवेदनशीलता समझी। क्योंकि कटरी में सीमांकन को लेकर खूनी संघर्ष हो चुके हैं। दो साल पहले किलौनी और किसौल के ग्रामीणों के बीच हुई संघर्ष की घटना में 5 जानें गईं थी। डीएम ने पटियाली के एसडीएम धीरेंद्र कुमार को निर्देश दिए कि स्वयं मौके पर जाएं। इसके अलावा कटरी में सीमांकन के लिए राजस्व टीमों का गठन करें। काननूगो और लेखपालों की टीम बनाएं। जरूरी नहीं है कि संबंधित ग्राम पंचायत के ही लेखपाल हों। अन्य ग्राम पंचायतों के योग्य लेखपालों की टीम बनाकर पैमाइश कराई जा सकती है। डीएम ने कहा कि हर हाल में लेखपालों की टीम गठित की जानी है।
नदी की जमीन पर ग्रामीणों का कब्जा
कासगंज। पिछले साल पटियाली तहसील प्रशासन द्वारा कटरी में नदी की जमीन पर कई ग्रामीणों का कब्जा था। प्रशासन ने निशानदेही करते हुए गंगानदी की जमीन को कब्जा मुक्त कराया, लेकिन फिर से उन जमीनों पर कई ग्रामीणों का कब्जा है। कटरी में पैमाइश होना समय की जरूरत है।
- पटियाली के एसडीएम को टीम बनाकर पैमाइश कराने के निर्देश दिए गए हैं। कादरगंज खाम और कादरगंज पुख्ता में अधिक विवाद है। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में भी पैमाइश कराने को कहा है- आरपी सिंह, डीएम।