बाइक सवार बदमाशों ने लूटे नकदी आभूषण
- फोटो : अमर उजाला
पटियाली। बदायूं हाइवे पर सांय के समय बाइक सवार दो बदमाशों ने सड़क किनारे खड़ी देवरानी जेठानी से मारपीट कर नगदी आभूषण लूट लिए। लूट की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों में घटना से आक्रोश देखा गया। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई नहीं हो सकी है।
प्रवीन पुत्र राज किशोर निवासी लधौली सिकंदरपुर वैश्य अपनी मां सीता व ताई विमलेश पत्नी राजकुमार के साथ बाजार करने के लिए आया। बाजार करने के बाद वे बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी बीच प्रवीन को बाजार से सेव खरीद कर न लाने का ध्यान आया। इसके बाद उसने अपनी मां व ताई को पटियाली बदायूं हाइवे पर उतार दिया और वह बाजार से सेव लाने के लिए चला गया। दोनों महिलाएं जब प्रवीन के लौटने का इंतजार कर रही थी इसी बीच बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंच गए। महिलाओं को अकेला देखकर बदमाशों ने बाइक रोक ली और वे महिलाओं के पास पहुंच गए। बदमाशों ने दोनों महिलाओं को दबोच लिया और उनसे लूटपाट शुरू कर दी। सीता ने बदमाशों का विरोध किया तो एक बदमाश ने जबरन महिला का एक कुंडल खींच लिय, जिससे उसका कान फट गया। बदमाश ने उनकी जंजीर व 4 हजार रुपये की नकदी भी लूट ली। जबकि उनकी जिठानी की जंजीर, दो अंगूठी, व कुंडल लूट लिए। महिलाओं चीख पुकार मचा दी। इसके बाद बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग गए। जब प्रवीन मौके पर पहुंचा तो लूट की वारदात की जानकारी मिलने पर उसके होश उड़ गए। मामले की सूचना यूपी 100 को दी गई। सूचना पर यूपी 100, पटियाली व सिकंदरपुर वैश्य पुलिस भी मौके पर आ गई। ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष अपना आक्रोश व्यक्त किया।