कासगंज। कोतवाली पुलिस ने मुंह बोले भाई के द्वारा बहन की हत्या करने के मामले का राजफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल किया है। एक आरोपी विक्की अभी भी फरार है।
कोतवाली निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुंह बोले भाई आरोपी सुरेश चंद्र ने बड़ी साजिश के तहत विनीता पुत्री श्रीनिवास निवासी अहरौली की हत्या को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि भोले बाबा के सत्संग से 30 अप्रैल को बोलेरो गाड़ी से विनीता को आरोपी सत्यप्रकाश, बबलू और विक्की ले आए और गंजडुंडवारा में निर्माणाधीन गैराज में लाकर युवती के साथ जमकर मारपीट करते हुए अधमरा कर दिया।
फिर गाड़ी से लाकर बिलराम रोड पर नहर के पुल से जीवित अवस्था में ही हत्या की नीयत से नहर में डाल दिया। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि सुरेश अपने विरोधियों को फंसाने के लिए भी प्रपंच कर रहा था।
वह इस मामले में विरोधियों को फंसाना चाहता था, लेकिन पुलिस को शुरू से ही शक हो रहा था। पुलिस ने गहन जांच पड़ताल की और सबूत जुटाए। सबूत जुटाने के बाद पूरा मामला सामने आ गया। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि दोनों ही आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।