वृंदावन (मथुरा) यमुना छठ के पावन पर्व पर शुक्रवार को धर्मनगरी में विभिन्न संस्थाओं ने जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए। भक्तों ने यमुना मैया का दुग्धाभिषेक कर यमुना शुद्धीकरण का संकल्प भी दोहराया।
ब्रजवासी तीर्थ पुरोहित पंडा सभा की ओर से प्राचीन केशीघाट स्थित दुग्धाभिषेक किया गया और यमुना मंदिर में संगोष्ठी हुई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि यमुना शुद्धीकरण के लिए सरकारी स्तर पर ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में राधाकृष्ण पाठक, सुरेशचंद्र शर्मा, नंदकुमार पाठक, रामनारायण ब्रजवासी, योगेंद्र ब्रजवासी, कृष्णचंद्र गौतम आदि मौजूद रहे।
राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने भी मां यमुना का दुग्धाभिषेक और महाआरती कर यमुना शुद्धीकरण की मांग केंद्र और राज्य सरकार से की। संयोजक ताराचंद्र गोस्वामी ने कहा कि मां यमुना हमारी आस्था एवं भक्ति का प्रतीक है। इस अवसर पर नरेंद्र सिंह, गौरव मलिक, बाबूलाल शर्मा, मदनलाल शर्मा, श्याम बाबा, राजू दयाल आदि मौजूद रहे।
आनंद वाटिका स्थित सनातन संस्कार सेवा संस्थान में वृंदावन विकास फाउंडेशन की बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने यमुना में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताई और कहा कि बढ़ते प्रदूषण के चलते यमुना अपना अस्तित्व खोती जा रही है। बैठक में रामविलास चतुर्वेदी, रामबाबू शर्मा, आलोक बंसल, बिहारीलाल वशिष्ठ, अतुलकृष्ण गोस्वामी, देवेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।