मथुरा। पड़ोसियों को फंसाने के लिए भतीजों ने ही बुआ की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पड़ोस के ही पांच लोगों को नामजद कर दिया था। पुलिस ने तीन भतीजों समेत चार लोगों को गिरफ्तार करके वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने कब्जे से वह तमंचा भी बरामद कर लिया है जिससे गोली चलाई गई थी।
छाता के गांव सेंमरी में नौ मार्च को घर के बरामदे में ठाकुरलाल की बहन सुक्खो देवी (72) पत्नी रतन सिंह सो रही थीं। देररात तीन बजे वृद्धा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका के भाई ठाकुरलाल की तहरीर पर पांच पड़ोसियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी देहात आदित्य शुक्ला ने बताया कि छाता पुलिस मामले के खुलासे में जुटी तो हत्यारोपी नामजद नहीं, बल्कि भतीजे ही निकले। भतीजों का प्लाट को लेकर पड़ोसियों से विवाद चल रहा था। इसलिए पड़ोसियों को फंसाने के लिए उन्होंने यह प्लान बनाया।
कोतवाली प्रभारी प्रमोद पवार ने गांव सेंमरी निवासी विजय उर्फ कल्ला, जीतू उर्फ जितेंद्र, बबुआ पुत्र बाबूलाल और रघुवीर ठाकुर को पकड़ा है। रघुवीर ने तीनों भतीजों को तमंचा उपलब्ध कराया था। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पुलिस पार्टी को पुरस्कृत किया है।