मथुरा। जिला अस्पताल में बुधवार दोपहर जमकर लात-घूंसे चले। चिकित्सक और बाबुओं के आसपास नजर आने वाले एक बाहरी व्यक्ति की जिला अस्पताल के कुक से भिड़ंत हो गई। कुक का आरोप है कि खुद को अधिवक्ता बताने वाला बाहरी व्यक्ति दूध और ब्रेड मांग रहा था। मना करने पर मारपीट करने लगा। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने कुक की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
जिला अस्पताल में बुधवार को कुक राजेश दोपहर को मरीजों को भोजन बांट रहा था। इसी दौरान टीपी सिंह नामक व्यक्ति ने कुक से दूध और ब्रेड के पैकेट मांगे। मना करने पर कुक के साथ मारपीट कर दी।
इसकी भनक लगते ही अन्य कर्मचारी भी आ गए। विवाद के दौरान एक बार फिर जमकर लात-घूंसे चलने लगे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन इससे पहले बाहरी व्यक्ति भाग गया। कोतवाली एसएसआई विनय भारद्वाज ने बताया कि कुक की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि आरोपी व्यक्ति जिला अस्पताल में चिकित्सक और लिपिकों के पास ही अक्सर बैठा नजर आता है।