मैनपुरी। समस्याओं के निराकरण न होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन को हड़ताल की चेतावनी दी है। कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन दिया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता शाक्य ने बताया कि देश की 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों तथा उनसे संबद्ध फेडरेशनों ने संयुक्त रूप से अपनी समस्याओं को लेकर 17 जनवरी को हड़ताल का निर्णय लिया है। इस संबंध में शासन को पूर्व में ही जानकारी दी जा चुकी है। प्रदेश उपाध्यक्ष ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा है कि जनपद में केंद्रीय ट्रेड यूनियन तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से 17 जनवरी को नगर के तिकोनिया पार्क पर धरना देंगे।
कार्यकर्ता प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेंगे। इस दौरान पूरी तरह से आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखे जाएंगे। सरिता शाक्य ने जनपद के सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने हक की लड़ाई के लिए केंद्र बंद करके कलक्ट्रेट पहुंचे। ज्ञापन देने वालों में विमलेश चौहान, निर्लेश चौहान, मीरा यादव, सीमा यादव, नीतू, प्रेमलता, सरिता, अरुणा, मिथलेश आदि लोग मौजूद रहे।