फिरोजाबाद। सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने सीबी गेस्ट हाउस में सपा मेयर प्रत्याशी सावित्री गुप्ता के समर्थन में चुनावी सभा संबोधित कर वैश्य समाज से वोट मांगे। निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभाओं पर भी तंज कसा।
सभा में राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निकाय चुनाव में खुद दौरा कर रहे हैं। आजतक किसी सीएम ने निकाय चुनाव में जनसभा नहीं की। उन्हें चिंता सता रही है कि निकाय चुनाव हारे तो कहीं सीट न गंवानी पड़े। इसका मतलब साफ है कि भाजपा की हालत खस्ता है। पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे व्यापारियों को चोर और मुनाफाखोर कह रहे हैं।
अब देश में अंबानी, अडानी और उछलकूद करने वाला बाबा रामदेव ही व्यापारी रह गए हैं। बाकी सब चोर हो गए हैं। नोटबंदी कर 86 प्रतिशत करेंसी बंद कर दी। नोटबंदी के बाद भी काला धन बाहर नहीं आ सका। आज देश का बुरा हाल है। आदमी मकान नहीं बना सका। श्रमिक को मजदूरी नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि नगर निगम का पहला चुनाव होने जा रहा है। यहां की जतना इतनी भी बेबफा नहीं है, जिसने सबकुछ दिया, उसे भूल जाए।
उन्होंने वैश्य समाज, मुस्लिम समाज से बिना डरे सपा मेयर प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने का अपील की। सभा की अध्यक्षता उद्योगपति प्रदीप गुप्ता और संचालन सपा जिला अध्यक्ष रामसेवक यादव ने किया। पूर्व प्रदेश सचिव राजनरायन गुप्ता, मेयर प्रत्याशी सावित्री गुप्ता, अभिषेक मित्तल चंचल, देवीचरन अग्रवाल, पम्मी मित्तल, विवेक अग्रवाल, संजय मित्तल, आलोक जैन राजा, ललतेश जैन, अरुण जैन, विन्नी मित्तल, झब्बूलाल अग्रवाल, राजकुमार राठौर, नीरज यादव, आदर्श यादव धन्नू मौजूद रहे।