एटा। तहसील के अधिवक्ता सहित दो लोगों की हत्यारोपियों ने हत्या कर दी। जिसमें युवक के शव को जंगल में डाल दिया। जबकि अधिवक्ता के शव को थाने के सामने ही नाले में फेंक दिया गया। थाने के सामने नाले में वकील का शव मिलने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
साथ ही लोग पुलिस थाने के सामने शव मिलने को लेकर खाकी के प्रति जमकर भड़ास निकाल रहे है। परिजनों ने पुलिस को हत्या करने की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
केस-1
घर से गए युवक की हत्या कर शव फेंका
अलीगंज। थाना क्षेत्र के गांव मोगराहार निवासी विजयसिंह (30) पुत्र राजबहादुर मंगलवार देर शाम करीब नौ बजे घर से बिना कुछ बताए हुए निकल गया था। इसके बाद वह रात को घर लौट कर नहीं पहुंचा था। इसके बाद अगले दिन सुबह को उसका शव लोगों ने टपुआ को जाने वाले मार्ग पर जंगल में शव पड़ा हुआ देखा।
चेहरा विक्रत और खून से लथपथ हालत में शव को देख लोगों में हडकंप मच गया। जिसे लेकर लोगों ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही घर के लोग रोते हुए मौके पर पहुंच गए। मृतक के पिता राजबहादुर तथा ग्रामीणों ने हत्या कर शव को फेंकने की आशंका जताई है। परिजनों ने बताया कि विजय सिंह मजदूरी के साथ खेती करता था। पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
केस-2
अधिवक्ता की हत्या,शव नाले में मिला
एटा। थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव कलिंद नगर निवासी राकेश दुबे (55) पुत्र हर्ष नरायन अलीगंज तहसील में वकील है। शनिवार को वह घर से तहसील में आए थे। इसके बाद वह घर लौैट कर नहीं पहुंचे थे। इस पर परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं लगा। इसके बाद बुधवार सुबह को लोगों ने थाना अलीगंज के सामने नाले में उनका बहता हुआ शव देखा।
इसकी जानकारी पुलिस ने अधिवक्ता के घरवालों को दी। जिस पर मृतक वकील के बेटे सचिन दुबे ने पिता की हत्या कर शव को नाले में डालने की आशंका जाहिर की। इस पर पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिवक्ता का नाले में शव फूली हुई हालत में मिला है। हालांकि शरीर पर कोई निशान नहीं मिला है। आशंका जताई जा रही है कि शनिवार के दिन ही वकील के साथ अनहोनी घटना को अंजाम दिया गया है।