जैथरा/एटा। स्क्रैप भरकर भूटान से दिल्ली जा रहे ट्रक को कार सवार आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने लूट लिया। इतना ही नहीं चालक परिचालक से मारपीट कर हाथ पैर बांधकर उन्हें बाजरा के खेत में छोड़ दिया। घटना शुक्रवार रात करीब दो बजे जैथरा थाना क्षेत्र के बरना गांव के पास की है।
घटना के बाद पीड़ित ट्रक चालक राजेश पुत्र रामवीर और परिचालक ब्रिजेश पुत्र माखन सिंह ने बताया कि वह ट्रक में भूटान से स्क्रैप लेकर दिल्ली जा रहे थे। ट्रक बरना गांव के पास पहुंचा ही था कि सड़क किनारे एक कार सवार कुछ लोगों ने ट्रक रोकने के लिए इशारा किया। ट्रक रोकते ही आठ बदमाश हाथों में हथियार लिए ट्रक में चढ़ गए और दोनों को नीचे उतार कर कार में बैठा लिया। विरोध करने पर जमकर मारपीट की। इसके बाद उनकी जेब में रखे 4500 रुपये और मोबाइल भी छीन लिए। इसके बाद दोनों को एक बाजरे के खेत में हाथ पैर बांधकर छोड़ गए। किसी तरह हम दोनों वहां से निकल कर बमरोलिया गांव पहुंचे और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर थाना जसरथपुर पुलिस ने घटना स्थल जैथरा क्षेत्र में होने की वजह से संबंधित थाना पुलिस को जानकारी दी। इस खबर से जैथरा पुलिस में हड़कंप मच गया। लाख कोशिशों के बाद भी ट्रक लुटेरे पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए। थाना प्रभारी जैथरा इंद्रेश पाल सिंह का कहना है कि अभी उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है। बावजूद इसके वह ट्रक लुटेरों की तलाश में जुटे हुए है।