टूंडला। बिहारीपुर गांव में शनिवार सुबह विवाहिता का उसी ससुराल में लहूलुहान शव मिला। मायका पक्ष ने पति पर अतिरिक्त दहेज नहीं देने पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
थाना क्षेत्र के गांव नागऊ निवासी उदय प्रसाद ने अपनी बेटी नमनेश की शादी 11 जुलाई 2016 को बिहारीपुर थाना एत्मादपुर आगरा निवासी युवक से की थी। शादी के बाद नमनेश के कोई संतान नहीं हुई। आरोप है कि पति नमनेश को अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान करता था।
शुक्रवार रात नमनेश का भाई नकुल टूंडला में दुर्गा पूजा महोत्सव देखने के बाद बहन के घर चला गया। रात 11 बजे बहन से बात कर वो वहीं सो गया। शनिवार सुबह जब नकुल बहन से विदा लेने पहुंचा तो कमरे में नमनेश का लहूलुहान शव देख उसके होश उड़ गए।
सूचना पर पुलिस और परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि मृतका के गले पर निशान होने के साथ ठोड़ी से खून निकल रहा था। बिछिया और चूड़ियां भी कमरे में टूटी पड़ी थी। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर जांच शुरु कर दी है।