गोवर्धन (मथुरा)। तेज स्पीड के कारण गांठौली बाईपास पर हो रहे हादसों के कारण राजस्थान सीमा से सटे बरौली व पूंछरी के ग्रामीणों ने सड़क पर कंटीली झाड़ियां डाल कर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि गांठौली बाईपास पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
पूंछरी-बरौली कट पर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से गुस्साए लोग सोमवार को बाईपास रोड पर बैठ गए और जाम लगा दिया। गोवर्धन बाईपास पर वाहनों की लाइन लग गई। सूचना पर पहुंचे गोवर्धन एसडीएम नागेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को समझा कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
बरौली के सैकड़ों ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। गोवर्धन राजस्थान सीमा पर जाम लगने की सूचना पर राजस्थान डीग कोतवाल प्रभारी सत्यप्रकाश विश्नोई मौके पर पहुंचे और आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। फिलहाल बैरियर लगा कर फोर्स लगा दी जाएगी, बाद में ब्रेकर लगवा देंगे।
बरौली निवासी हरी सिंह ने बताया कि गोवर्धन बाईपास का कट खतरनाक है। एक महिला की मौत हो चुकी है। वाहनों को पूरा दबाव रहता है। एसडीएम ने बताया कि ग्रामीणों को समझा कर जाम खुलवा दिया है। लोक निर्माण विभाग से समस्या का समाधान करने को कहा है।