करहल (मैनपुरी)। भाजपा के एक बूथ अध्यक्ष ने पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों को छोड़ने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। वहीं पूरे रुपये न देने पर उनके साथ मारपीट करने की भी बात कही। उधर पुलिस आरोपों को खारिज कर रही है।
थाना क्षेत्र स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा के पास रहने वाले भाजपा नेता नरेश गिहार ने पुलिस पर मारपीट करने का आरेाप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। आरोप लगाया है कि 29 दिसंबर की रात 11 बजे पुलिस ने गिहार कालोनी में छापेमारी कर आठ युवकों को उठा लिया था। जब वह छुड़ाने के लिए पहुंचे तो मीट मुर्गा की मांग की गई।
जब यह सब दे दिया गया तो भाजपा नेता के भाई व भतीजे को छोड़ दिया गया। वहीं अन्य को छोड़ने के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की जाने लगी। भाजपा नेता के अनुसार 40 हजार रुपये में सभी को छोड़ देने की बात तय हुई। 23 हजार रुपये लेकर पहुंचे तो पुलिसकर्मी भड़क गए।
उधर, प्रभारी निरीक्षक एसआर गौतम का कहना है कि नेता जो आरोप लगा रहे हैं, वह असत्य हैं। अपराधियों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई कर रही है। किसी भी निर्दोष को न तो पकड़ा न हीं किसी पर कार्रवाई की गई।