फिरोजाबाद/नारखी। थाना नारखी के गांव डौरी में संदिग्ध परस्थिति में फांसी लगाने से महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजन फरार हो गए। मृतका के पिता ने बेटी की पीटकर एवं गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
थाना नारखी के गांव डौरी निवासी सायना (26) पत्नी मोहम्मद रफीक की मंगलवार को संदिग्ध हालात में फांसी लगाने से मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। महिला की मौत की सूचना ग्रामीणों ने मायका पक्ष को दी। मृतका सायना के पिता एका थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर निवासी नसीरुद्दीन और भाई मेंहदी हसन गांव पहुंचे। पिता का कहना है कि ससुरालीजन सायना से 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।
18 जून को मारपीट की थी। समझाने के बाद हम 22 जुलाई को बुला ले गए थे, लेकिन 27 जुलाई को रफीक ही दोबारा से सायना को बुला लाया। मायके से आने के चौथे दिन मंगलवार को मौत की खबर मिली। पिता की माने तो बेटी के गले में फांसी का फंदा और पीठ में पिटाई के निशान मिले हैं। पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक नारखी प्रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला की फांसी लगाने से मौत हुई है। तहरीर पर जांचकर कार्रवाई की जाएगी।