फिरोजाबाद। श्री हनुमान गढ़ मंदिर स्थित श्री रामलीला मैदान में स्थापित बड़े हनुमान मंदिर पर गुरुवार को बजरंगबली ने स्वत: ही चोला छोड़ दिया। हनुमान महाराज के चोला छोड़ने की खबर से मंदिर में दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
रामलीला मैदान स्थित हनुमान मंदिर में वर्षों प्राचीन हनुमान महाराज की प्रतिमा स्थापित है। मंदिर के मुख्य महंत पं. जगजीवन राम मिश्र इंदु ने बताया कि रात को मंदिर के पट बंद कर गए थे। मंदिर के सेवाधारी राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ ने सुबह पांच बजे खोले तो भगवान हनुमान ने स्वत: चोला छोड़ने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि आज से पूर्व वर्ष 2001 में चोला छोड़ा था। हनुमान महाराज द्वारा छोड़े गए चोले का बजन लगभग डेढ़ कुंतल है, जिसमें 50 किलो का गदा भी शामिल है।
महंत ने बताया कि वर्तमान में हनुमान महाराज की मूर्ति साक्षात दर्शन हो रहे हैं। इसमें भगवान के दाएं कंधे पर श्रीराम, बाएं कंधे पर लक्ष्मण विराजमान हैं। बाएं हाथ में गदा तथा दाएं हाथ में चक्र धारण किए हुए हैं। उनके चरणों में अहिरावण पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि अधिक मास माह समाप्त होने के बाद हनुमान महाराज द्वारा छोड़ा गया चोला विसर्जन के लिए जून माह में सरयू नदी में ले जाया जाएगा। इसके उपरांत भंडारे का आयोजन होगा। शुक्रवार को हनुमान महाराज के साक्षात विग्रह दर्शन रात नौ बजे तक होंगे।