मैनपुरी। मीटर में डिवाइस लगाकर की जा रही बिजली चोरी विभाग की तीन टीमों ने पकड़ी है। बिजली की अधिक खपत के बाद कम बिल अदा कर रहे सात लोगों के घरों में मीटर में डिवाइस लगाकर चोरी करने के मामले में सात लोगों से 74000 रुपया जुर्माना वसूला गया है। सभी के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट लिखाई।
शुक्रवार को अधिशासी अभियंता एससी शर्मा के नेतृत्व में बनी तीन टीमों ने महमूदनगर निवासी प्यारे मियां, अशफाक हुसैन, कादर वख्श, सिंधिया तिराहा निवासी संजदेव सिंह, आवास विकास कालोनी निवासी उर्मिला मिश्रा, संतोष कुमार, नगला गोर्वधन निवासी पुष्पा यादव के घरों में लगे सरकारी मीटरों में लगी डिवाइस पकड़ी।
डिवाइस लगाकर बिजली चोरी का मामला सामने आने पर उनसे 74000 रुपये का जुर्माना वसूला। सभी के खिलाफ मीटर में छेड़छाड़ करके बिजली चोरी करने, अधिक बिजली का उपयोग करके कम बिल अदा कराने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। अधिशासी अभियंता ने बताया शहर में पांच दर्जन से अधिक ऐसे लोग चिन्हित किए हैं जिनके घरों में अधिक खपत के बाद भी बिजली बिल कम आ रहा है।