मथुरा । कोहरे का लाभ उठाकर चोरों ने महोली रोड स्थित बलदेवपुरी कालोनी में रिफाइनरी के इंजीनियर के घर का ताला तोड़कर 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। इंजीनियर अपने परिवार केे साथ अलवर घूमने गए थे। रविवार की दोपहर घूम कर लौटे परिवार ने पुलिस ने पूरी घटना की जानकारी दी।
चौकी कृष्णानगर के महोली रोड की बलदेवपुरी कालोनी निवासी मदनमोहन सिंह एयरफोर्स से रिटायर्ड के बाद रिफाइनरी में इंजीनियर हैं। शनिवार को वह अपने परिवार के साथ अलवर घूमने गए हुए थे। घर की देखभाल की जिम्मेदारी किराए पर रहने वाले छात्रों को दे गए थे। शनिवार रात कोहरे का फायदा उठाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। अलमारी का लॉक तोड़कर चोर 15 लाख रुपये के सोने और चांदी जेवरात चुरा ले गए।
नीचे सोने आए किराएदार छात्रों ने ताला टूटा देखा तो तत्काल मकान स्वामी को सूचित किया। रविवार की दोपहर मकान स्वामी के पहुंचने पर पहुंची पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई। मकान स्वामी की माने तो करीब 15 लाख रुपये के सोने और चांदी के जेवरात चोरी हुए हैं। तहरीर पर चोरी का मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। चौकी प्रभारी अरविंद पाल ने बताया कि मुकद्दमा दर्जकर चोरों की तलाश शुरूकर दी है।