फिरोजाबाद। केंद्र और प्रदेश सरकार स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण पर जोर दे रही हैं, लेकिन ओडीएफ अभियान में बैंक रोड़ा अटका रहे हैं।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के केंद्र और प्रदेश सरकार बजट उपलब्ध करा रहीं हैं। नगर निगम ने आवेदकों की जांच कराने के बाद दो किश्तों में आठ हजार की धनराशि सीधे खाते में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
आवेदकों के खाते में धनराशि भेजने के लिए शासन ने पंजाब नेशनल बैंक को अधिकृत किया है, लेकिन बैंक प्रबंधन इस काम में रोड़ा बन गया है। नगर निगम द्वारा शासन से प्राप्त धनराशि बैंक के खाते में ट्रांसफर कर दी, लेकिन बैंक ने आवेदकों के खातों में धनराशि नहीं भेजी है।
नगर निगम सूत्रों का कहना है कि करीब एक हजार आवेदकों के खाते में धनराशि नहीं भेजी गई है। इसके चलते आवेदक नगर निगम में चक्कर काट रहे हैं। नगर आयुक्त कमलेश कुमार ने पंजाब नेशनल बैंक प्रबंधक के खिलाफ स्वच्छ भारत मिशन के मिशन निदेशक को पत्र भेजकर शिकायत है। बैंक प्रबंधक द्वारा लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेजने में विलंब किया जा रहा है।
शौचालय निर्माण की धनराशि समय से खातो में नहीं भेजने के लिए व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। आरोप है कि बैंक प्रबंधक से कई बार पत्राचार और व्यक्तिगत संपर्क करने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके चलते शौचालय की धनराशि आवेदकों के खातों में नहीं पहुंच रही।