आगरा। एत्माद्दौला के मोती महल स्थित यमुना में मछली पकड़ने गए दो भाइयों में से एक डूब गया, जबकि छोटे भाई को 12 साल के आर्यन ने बचा लिया। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। युवक की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
शहीद नगर, सदर निवासी सलमान (20) पुत्र स्व. अकील और उसका छोटा भाई इरफान (15) सोमवार दोपहर 1:30 बजे मोती महल के पास यमुना में मछली पकड़ने आए थे। दोनों भाई यमुना किनारे पर मछली पकड़ रहे थे। मगर, मछली नहीं आने पर दोनों गहरे पानी में चले गए। इससे दोनों डूबने लगे। उन्होंने शोर मचा दिया।
उस समय यमुना किनारे पर आर्यन (12) पुत्र हरी सिंह निवासी शंभु नगर भी बैठा हुआ था। दोनों को डूबता देखकर उसने यमुना में छलांग लगा दी। उसने इरफान का पैर पकड़ लिया। सलमान का भी हाथ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुआ और सलमान डूब गया। आर्यन इरफान को बाहर निकाल लाया। सूचना पर आधा घंटे बाद पुलिस पहुंची, लेकिन सलमान का पता नहीं चल सका।
मां भीख मांगकर मां करती है गुजारा
सलमान की मां नगमा के पति की सात साल पहले मौत हो गई थी। वह ससुराल में रह रही थी। मगर, दो महीने पहले उसे घर से निकाल दिया गया। परिवार शहीद नगर में एक मंदिर के बाहर शरण लिए हुए है। सलमान फिटर का काम कर रहा था। एक छोटी बहन और भाई है। नगमा भीख मांगकर बच्चों का पेट भरती है। सलमान भी कुछ कमा कर लाता था।