स्कूलों में समय पर तैयार नहीं हो सका खाना
- फोटो : अमर उजाला
एटा। आंगनबाड़ी केेंद्रों पर बंटने वाला हॉट कुक्ड फूड अब मिड डे मील के साथ बनाने की तैयारी है। बाल विकास एनजीओ के सुपुर्द इस व्यवस्था को बदलने की तैयारी में है। इसके लिए विभाग नया प्रस्ताव तैयार किया है। ताकि सभी बच्चों को हॉट कुक्ड गुणवत्ता पूर्ण तरीके से दिया जा सके।
जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन से छह साल तक के बच्चों को हॉट कुक्ड फूड बांटा जाता है। जिसे पहले एनजीओ तैयार कर बंटवाते थे। इसके बाद जिम्मा मातृ समितियाें को सौंपा गया, लेकिन जिले में विभाग को हॉट कुक्ड में गुणवत्ता खराब होने की शिकायतें मिलती रहती हैं।
अब इसे लेकर बाल विकास विभाग परिवर्तन करने की तैयारी कर रहा है। बताया जाता है कि हॉट कुक्ड को एमडीएम के साथ बनवाकर बच्चों को वितरित किया जाएगा। डीपीओ सत्यप्रकाश बताते हैं कि योजना के लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जिसमें बेसिक शिक्षा विभाग से बात चल रही है। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग राशन देगा और दोनों जगह एक जैसा खाना मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजना में बदलाव की तैयारी चल रही है। जल्द ही इस संबंध में आदेश मिल जाएगा।